
किसी भी घर में जब बच्चे की किलकारी गूंजती है तो सारा घर उसकी सेवा में लग जाता है। पेरेंट्स बनने का अनुभव ही अलग होता है, जब भी किसी परिवार में बच्चे का जन्म होता है तो लोग बच्चे को देखते ही उसके फीचर्स और रंग को देखकर कयास लगाने लगते हैं कि ये अपनी मां जैसा है, पिता जैसा है, नाना जैसा है, दादा जैसा है या घर के किसी अन्य सदस्य के जैसा है। कई बार ऐसा भी देखा गया है कि बच्चा जब पैदा होता है तो गोरा दिखता है लेकिन समय से साथ उसका रंग डार्क होने लगता है, ऐसे में पेरेंट्स परेशान हो जाते हैं और तरह-तरह से बच्चे को गोरा बनाने के तरीके अपनाने लगते हैं। इस लेख में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर गौरव कुमार से जानेंगे कि क्या बच्चे का रंग पैदाइश के बाद से बदल (does baby skin color get darker after birth) सकता है?
क्या जन्म के बाद बच्चे का रंग डार्क हो जाता है? - Does Baby Skin Color Get Darker After Birth In Hindi
बच्चे के जन्म के समय परिवार के जो लोग बच्चे से मिलते हैं उन्हें वह गोरा नजर आता है लेकिन जब वही लोग 2 से 3 महीने के बाद बच्चे को देखते हैं तो बच्चे के रंग को देखकर चौंक जाते हैं कि ये डार्क कैसे हो गया। ऐसे में घर के बड़े बुजुर्ग ये भी कहने लगते हैं कि बच्चे का अच्छे से ख्याल नहीं रखा जा रहा है और कमजोरी के कारण रंग डार्क दिख रहा है। इसके बाद लोग बच्चे को बेबी वॉश या साबुन से रगड़ कर नहलाने लगते हैं, जो बच्चे के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: बच्चों में तेजी से क्यों बढ़ रहा है मोटापा? जानें इसके कारण और वजन को कंट्रोल में रखने के टिप्स
डॉक्टर गौरव का कहना है कि बच्चे का असल रंग 3 महीने के बाद ही नजर आता है और बच्चा जन्म के समय भले ही गोरा दिखे लेकिन असल में बच्चे का रंग उसके जीन (Genes) पर निर्भर करता है। कई लोगों का सवाल होता है कि बच्चे का रंग कब तक बदलता है? इस पर डॉक्टर ने बताया कि बच्चे का आनुवंशिक रंग 3 से 6 महीने में बच्चे पर दिखता है और इस दौरान बच्चे के रंग में काफी बदलाव आते हैं।
इसे भी पढ़ें: कमजोर बच्चों को हेल्दी बनाने के लिए डाइट में शामिल करें ये चीजें
कई महिलाएं बच्चे के जन्म से पहले केसर का सेवन करने लगती हैं। कहा जाता है कि इससे बच्चे का रंग गोरा हो सकता है। जबकि ऐसा नहीं होता है। डॉक्टर ने बताया कि प्रेग्नेंसी के दौरान केसर का सेवन हो या जन्म के बाद तरह-तरह के कॉस्मेटिक का इस्तेमाल, किसी से भी बच्चे का रंग नहीं बदला जा सकता है।
क्या बच्चे धूप में काले होते हैं
डॉक्टर ने बताया कि बच्चे के रंग पर धूप, पानी, प्रदूषण और कॉस्मेटिक चीजों का प्रभाव कुछ दिनों के लिए पड़ सकता है लेकिन ये बच्चे के रंग को नहीं बदल सकते। सर्दियों में बच्चों के लिए सुबह की हल्की धूप फायदेमंद होती है। इससे विटामिन D की कमी पूरी होती है और बच्चा हेल्दी रहता है।