![क्या कोहरे में मॉर्निंग वॉक करनी चाहिए? डॉक्टर से जानें सावधानियां और नुकसान](http://images.onlymyhealth.com/imported/images/2023/December/27_Dec_2023/morning-walk-winter-fog_main.jpg)
Is It Healthy To Take A Walk in Dense Fog: सुबह के समय सैर या मॉर्निंग वॉक करने से शरीर फिट और हेल्दी रहता है। मॉर्निंग वॉक करने से आप पूरा दिन एक्टिव और फ्रेश महसूस करते हैं। लेकिन सर्दियों के मौसम में मॉर्निंग वॉक करते समय सावधानियों का न रखने से कई समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। सर्दियों में सुबह के समय घना कोहरा होता है। ऐसे समय में मॉर्निंग वॉक करना खतरे से खाली नहीं है। कोहरे की वजह से सांस से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की समस्याएं बढ़ जाती हैं। बहुत ज्यादा सर्दी और घने कोहरे में रनिंग या मॉर्निंग वॉक करने से कार्डियक डिजीज का खतरा भी बढ़ जाता है। इस मौसम में शरीर का तापमान बिगड़ने से भी गंभीर परेशानियां हो सकती हैं। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं सर्दियों में कोहरा होने पर मॉर्निंग वॉक करना सही है या नहीं और इससे जुड़ी सावधानियों के बारे में।
कोहरे में मॉर्निंग वॉक करना चाहिए या नहीं?- Morning Walk in Fog Good or Bad in Hindi
सर्दी के मौसम में सुबह के समय घना कोहरा रहता है। घने कोहरे में वॉक या एक्सरसाइज करना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इस मौसम में हवा में प्रदूषण भी बढ़ जाता है। ऐसे में बुजुर्गों, सांस के मरीज और हार्ट डिजीज के मरीजों को सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ समीर कहते हैं, "सुबह के समय मॉर्निंग वॉक करना बहुत फायदेमंद होता है। लेकिन सर्दियों में कोहरा होने पर मॉर्निंग वॉक करने से कुछ लोगों को समस्याएं हो सकती हैं। सांस के मरीज, हाई ब्लड प्रेशर और हार्ट के मरीजों को सुबह की सैर से बचना चाहिए।" सर्दियों में कोहरा होने पर सुबह के समय बुजुर्गों को भी वॉक या आउटडोर एक्सरसाइज करने से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में मॉर्निंग वॉक पर जाने से पहले रखें इन 5 बातों का ध्यान, सेहत को मिलेंगे कई फायदे
कोहरे में वॉक करने से इन समस्याओं का रहता है खतरा-
सुबह के समय कोहरे और सर्दी में मॉर्निंग वॉक करने से कुछ लोगों का ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और कार्डियक प्रॉब्लम होने का खतरा बढ़ जाता है। 45-50 साल से अधिक उम्र के लोगों को इस मौसम में एक्सरसाइज या मॉर्निंग वॉक करते समय सावधानियों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। हार्ट डिजीज, हाई ब्लड प्रेशर और अस्थमा जीसी बीमारियों के मरीजों को सुबह के समय मॉर्निंग वॉक करने से बचना चाहिए। ऐसा करने से इन परेशानियों का खतरा बढ़ जाता है-
- हाई ब्लड प्रेशर की समस्या
- सीने में दर्द
- एंजाइना
- हार्ट अटैक का खतरा
- ब्रेन स्ट्रोक और कार्डियक अरेस्ट का खतरा
- शरीर का तापमान बहुत ज्यादा कम होना
- प्रदूषित हवा से लंग कैंसर का खतरा
- सीओपीडी जैसी बीमारियों का खतरा
कोहरे में मॉर्निंग वॉक करने से जुड़ी सावधानियां
सर्दियों की सुबह कोहरे से भरी होती है। इस मौसम में मॉर्निंग वॉक करते समय इन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए-
- सुबह जल्दी जाने के बजाय धूप निकलने पर वॉक करें
- मॉर्निंग वॉक के समय गर्म कपड़े और जूते जरूर पहनें
- वॉक करने के बाद गुनगुना पानी पिएं
- प्रदूषित हवा में सैर करने से बचें
मॉर्निंग वॉक के दौरान सावधानियों का ध्यान नहीं रखने से कई गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ठंड के मौसम में प्रदूषण बढ़ जाता है और प्रदूषित हवा में मॉर्निंग वॉक करने से फेफड़े और सांस से जुड़ी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए सुबह की जगह शाम में कोहरा कम होने पर वॉक कर सकते हैं। मॉर्निंग वॉक के कारण दिक्कतें बढ़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
(Image Courtesy: Freepik.com)